प्रतापगढ़। जिले में इन दिनों भीषण गर्मी और तेज हवाओं के चलते आगजनी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। कहीं रिहायशी क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएँ सामने आ रही हैं, तो कहीं खेतों और वन क्षेत्रों में अचानक आग भड़कने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम चनियाखेड़ी में खेतों के पास अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। ग्रामीणों ने तत्काल अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया तथा दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग खेतों के आसपास फैली होने के कारण किसानों में चिंता का माहौल रहा, हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के मौसम में सूखी घास और तेज हवाओं के कारण छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का रूप ले लेती है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा लोगों से गर्मी के मौसम में सावधानी बरतने तथा खेतों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ न रखने की अपील की जा रही है।