चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना कपासन ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम डोडा चूरा तस्करी के मामले में पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2011 में 2 क्विंटल 5 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामदगी के मामले में वांछित आरोपी केशिया उर्फ केशाराम भील को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी कपासन हरजीलाल यादव के निर्देशन में थाना प्रभारी कपासन सुनील शर्मा द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी केशिया उर्फ केशाराम पिता चमना भील (56), निवासी आसन, थाना चारभुजा, जिला राजसमंद वर्ष 2011 में दर्ज प्रकरण के बाद से लगातार फरार चल रहा था। विशेष टीम ने चारभुजाजी थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी को दस्तयाब कर 14 मई 2026 को गिरफ्तार किया।पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त करेगी।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।