मंदसौर। जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में पिता-पुत्र घायल हो गए। दोनों मोटरसाइकिल से किराने का सामान लेकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।
जानकारी के अनुसार पन्नालाल पिता मोतीलाल (65), निवासी आक्याबिका, अपने पुत्र चौनराम पिता पन्नालाल (30) के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम खेड़ा किराने का सामान लेने गए थे। सामान लेकर लौटते समय रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को निजी वाहन द्वारा जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
हादसे में पन्नालाल को मुंह, सिर, हाथ एवं पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके पुत्र चौनराम को सिर, हाथ, पीठ एवं पैर में चोटें लगी हैं। चिकित्सकों के अनुसार चौनराम की हालत खतरे से बाहर है, जबकि पन्नालाल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दोनों घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। परिजनों द्वारा हादसे की सूचना जिला अस्पताल पुलिस चौकी को दे दी गई है।