नीमच। जैसा कि देशवासियों को अंदेशा था, पाँच राज्यों के चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी की गई है। बीती रात सरकारी कंपनी द्वारा पेट्रोल-डीजल के दामों में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा की गई। इससे पूर्व घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं एक दिन पूर्व दूध के दामों में भी 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।
इनरव्हील क्लब नीमच की पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेत्री रागिनी कालरा ने कहा कि गैस, पेट्रोल, दूध के साथ-साथ रसोई में उपयोग होने वाले खाद्य तेल, दालें एवं मसालों के दामों में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे प्रत्येक परिवार का बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है।
कालरा ने कहा कि डीजल के दाम बढ़ने से मालभाड़ा भी बढ़ेगा, जिससे खाद्य पदार्थों की कीमतों में और वृद्धि होगी तथा गृहस्थी का बजट और अधिक बिगड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि महंगाई दर पिछले 42 माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है, जो मार्च 2026 की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि डीजल-पेट्रोल पर जीएसटी एवं अन्य सरचार्ज की दरों में कमी कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।