मंदसौर। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खाद्य तेल के कम उपयोग संबंधी दिए गए बयान के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी ने अनोखा प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता ज्योतिबा फुले चौराहे पर एकत्रित हुए और “मोदी ब्रांड खाद्य तेल” लिखे पाउच में प्रतीकात्मक रूप से चंद ग्राम तेल भरकर प्रदर्शन किया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “मोदी है तो मुमकिन है” और “यही अच्छे दिन हैं” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, खाद्य तेल की कीमतों और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर नाराजगी जताई।
कांग्रेस का आरोप- जनता को नसीहत देना सरकार की विफलता-
प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त सचिव मुकेश पोरवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पहले “न खाऊंगा, न खाने दूंगा” का भरोसा दिलाया था, लेकिन अब जनता को तेल कम उपयोग करने की नसीहत दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी आर्थिक विफलताओं को छिपाने के लिए जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी का रसोई बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। ऐसे में सरकार राहत देने के बजाय उपभोग कम करने की सलाह दे रही है, जो जनता की परेशानियों का मजाक उड़ाने जैसा है।
सरकार पर तीखा हमला-
अनिल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार कभी सोना कम खरीदने, कभी विदेश यात्रा कम करने, कभी पेट्रोल-डीजल कम उपयोग करने और अब खाद्य तेल कम करने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह नीतिगत विफलता का प्रमाण है और पिछले वर्षों में देश की आर्थिक स्थिति बिगड़ी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते उत्पन्न आर्थिक परिस्थितियों का समाधान सरकार को पहले से करना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय जनता पर बोझ डाला जा रहा है।
इस दौरान नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष चौथमल गुप्ता, नगर कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उणियारा, जिला कांग्रेस सचिव किशनलाल चौहान, कांग्रेस नेता दिनेश गुप्ता काचरिया, अनिल मूलासिया, बंशीलाल पाटीदार, भेरूपप्पू गुर्जर, राजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
टोंक कला हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि-
अंत में देवास जिले के टोंक कला स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे में दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।