नीमच। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को अपना आदर्श मानते हुए देव रेजिडेंसी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में ई-रिक्शा से पहुंचकर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री के संदेशों का पालन करते हुए ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों की बचत को बढ़ावा देना चाहिए।
विधायक परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा डीजल, पेट्रोल, गैस और बिजली की बचत के साथ-साथ अनावश्यक उपभोग कम करने की अपील की गई है, जिसका पालन सभी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश नेतृत्व की भी यही भावना है कि जहां संभव हो, वहां ई-वाहन या कम ईंधन खर्च वाले साधनों का उपयोग किया जाए।
उन्होंने बताया कि इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वे स्वयं ई-रिक्शा से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रतीकात्मक है और इसका उद्देश्य जनता को पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के लिए प्रेरित करना है।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे पेट्रोल-डीजल, बिजली और पानी की बचत करें तथा अनावश्यक खर्च से बचें। उन्होंने कहा कि देश में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए संसाधनों का संयमित उपयोग आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे नीतियों और संदेशों को केवल भाषण तक सीमित न रखें, बल्कि व्यवहार में भी अपनाएं और समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें।