गरोठ। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी तथा 3 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरिल व एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जस्साखेड़ी फंटा खड़ावदा-गरोठ रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निलेश उर्फ जग्गू डपकरा निवासी गरोठ को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 40 ग्राम एमडी कीमत लगभग 40 हजार रुपये एवं 3 किलो डोडाचूरा कीमत 4800 रुपये बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने यह मादक पदार्थ उमर फारुख खान निवासी बरखेड़ा गंगासा द्वारा उपलब्ध कराया जाना बताया। इसके बाद पुलिस ने उमर फारुख खान को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उमर फारुख पर पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22, 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में सउनि बलवान सिंह देवड़ा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार प्रजापति, आरक्षक कमल सिंह एवं बलराम बंजारा की सराहनीय भूमिका रही।