दूदरसी। क्षेत्र में अघोषित एवं असमय विद्युत कटौती के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार की “सबका साथ, सबका विकास” जैसी नीतियां जमीनी स्तर पर प्रभावी नहीं दिख रही हैं। नागरिकों के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा बिना पूर्व सूचना के दिन-रात कभी भी बिजली काट दी जाती है, जिससे स्थिति अत्यंत असहज हो गई है।
जनता में बढ़ता आक्रोश-
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस अघोषित विद्युत कटौती के कारण गर्मी में जीवन कठिन हो गया है। लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और उनका कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल-
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर भी उदासीनता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आमजन की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जबकि जनप्रतिनिधियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
जनता की चेतावनी-
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जनता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर सकती है और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करेगी।