पोलायकलां। नगर स्थित श्री राम मांगलिक भवन में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा और जय श्रीराम राधे-राधे के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कलश यात्रा बाबा रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से निकाली गई। यात्रा के दौरान महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे। नगर के विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। खाटू श्याम पंचाल परिवार आयोजन समिति ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का वाचन पंडित सचिन कृष्ण शास्त्री द्वारा किया जाएगा। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं धर्म, भक्ति और संस्कारों का महत्व बताया जाएगा। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।