मनासा/नीमच। भीषण गर्मी में जहां इंसान ठंडे पानी की तलाश में परेशान है, वहीं बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए पानी की एक बूंद भी जीवनदान साबित हो रही है। ऐसे समय में सामाजिक संस्था बी.आर. फाउंडेशन पिछले सात वर्षों से सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए “सकोरा विद सेल्फी अभियान” चला रही है।
संस्था के माध्यम से प्रतिवर्ष 21 हजार सकोरे आमजन को निःशुल्क वितरित किए जाते हैं। संस्था अब तक करीब 1 लाख 70 हजार सकोरों का वितरण कर चुकी है। अभियान के तहत लोगों से घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर सकोरे रखकर उनमें पानी भरने की अपील की जा रही है, ताकि गर्मी में पक्षियों और बेजुबान जीवों को राहत मिल सके।
रविवार को मनासा नगर के कारगिल चौराहे से संस्था संरक्षक एडवोकेट भेरूप्रसाद परमार ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। संस्था सदस्यों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानदारों और आमजन को सकोरे वितरित किए। साथ ही वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सकोरों के साथ फूलों के बीज भी बांटे गए।
संस्था द्वारा नगर के सार्वजनिक एवं प्रशासनिक स्थलों पर भी सकोरे बांधकर उनमें पानी भरा गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं की सेवा को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
संस्था के संस्थापक कृष्ण परिहार ने बताया कि बी.आर. फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव लखन मालवीय, जिलाध्यक्ष समीर मंसूरी, मंदसौर जिलाध्यक्ष कमलेश भमरोठा, आयुषी अरोरा, फरजाना मंसूरी, विष्णु मालवीय, मनोज राव, अंतिम सेन, प्रकाश बामनिया, राजेंद्र परमार, विशाल तोसावत, कुशाल मालवीय, हेमंत चौहान, अर्जुन मालवीय, समरथ मालवीय, रंजीत मालवीय सहित बड़ी संख्या में संस्था सदस्य एवं नगरवासी उपस्थित रहे।