नीमच। भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का समापन रविवार को होटल देव रेजिडेंसी में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में दो दिनों के दौरान कुल 12 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति, कार्यपद्धति, सरकार की योजनाओं एवं आधुनिक तकनीक से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत प्रदेश कार्य समिति सदस्य महेंद्र भटनागर एवं पंकज पोरवाल द्वारा योग, व्यायाम एवं प्रार्थना से हुई। इसके बाद आयोजित आठवें सत्र में प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं मंदसौर जिला प्रभारी दिलीप सखलेचा ने संगठन की कार्यपद्धति विषय पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। इस सत्र की अध्यक्षता प्रशिक्षण प्रभारी हरिराम शाह ने की।
नवम सत्र में पूर्व मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। इस सत्र की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने की।
दसवें सत्र में राज्यसभा सदस्य बंशीलाल गुर्जर ने सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस सत्र की अध्यक्षता प्रदेश कार्य समिति उमउइमत हेमंत हरित ने की।
ग्यारहवें सत्र में शाजापुर विधायक अरुण भीमावत ने पार्टी के इतिहास एवं विकास यात्रा पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। इस सत्र की अध्यक्षता प्रशिक्षण संयोजक एवं जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय ने की।
अंतिम एवं बारहवें सत्र में प्रदेश सहसंयोजक आईटी सोमेश पालीवाल ने सोशल मीडिया, मीडिया प्रबंधन, नई तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), प्रभावी सूचना तंत्र एवं संगठन के सकारात्मक परसेप्शन निर्माण विषय पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।
समापन सत्र में जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, प्रशिक्षण प्रभारी हरिराम शाह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य हेमंत हरित, महेंद्र भटनागर, अवंतिका जाट, जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय, अशोक विक्रम सोनी, धनसिंह कैथवास एवं सह संयोजक राकेश “पप्पू” जैन सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण वर्ग में शामिल सभी वक्ताओं का तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। दोनों दिनों तक कार्यकर्ताओं के भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था प्रशिक्षण स्थल पर ही की गई।
कार्यक्रम का संचालन राकेश “पप्पू” जैन ने किया तथा समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। जानकारी जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा द्वारा दी गई।