खरगोन। जिले के कसरावद नगर में भीषण गर्मी के बीच दाऊदी बोहरा समाज ने मानव सेवा की मिसाल पेश की। समाज द्वारा “प्रोजेक्ट राइज” के अंतर्गत “बीट द हीट” अभियान चलाकर राहगीरों और नागरिकों को ठंडा शीतल पेय पिलाया गया। समाज की इस पहल की लोगों ने जमकर सराहना करते हुए दुआएं दीं।
दाऊदी बोहरा समाज के जनाब मु. अली असगर भाई मोइद्दीन के नेतृत्व में समाजजनों ने इंदौर रोड स्थित साप्ताहिक बाजार में स्टॉल लगाया, जहां करीब एक हजार लोगों को शीतल शरबत वितरित किया गया। तेज गर्मी में लोगों को राहत देने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा कार्य में समाज के युवाओं और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में जमात सचिव शब्बीर भाई, जमात ट्रेजरार जूजर भाई, शब्बीर बोहरा रेगवा, ताहेर हामिद, मुर्तजा राज शब्बीर, अली असगर हुसैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समाज की महिलाओं ने भी सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्थानीय नागरिकों ने दाऊदी बोहरा समाज की इस सामाजिक पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस तरह की सेवा लोगों को बड़ी राहत देती है।