रामपुरा। केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन भाजपा सरकार द्वारा ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए रामपुरा मंडल क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल गुर्जर ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में ग्राम चेनपुरिया मुख्य मार्ग से रोज्या टपकुड़ी तक संपर्क मार्ग, मुख्य मार्ग से बुझखेड़ा गांव तक सड़क निर्माण तथा रामपुरा-गांधीसागर मुख्य मार्ग से धामनिया तक पक्की सड़क निर्माण शामिल है।
उन्होंने बताया कि ग्राम चौपुरिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक अनिरुद्ध माधव मारु के समक्ष जर्जर मार्ग की समस्या रखी थी। विधायक के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सर्वे कराया गया, जिसके बाद सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली। वहीं बुझखेड़ा गांव तक सड़क बनने से आदिवासी परिवारों को विशेष राहत मिलेगी, जो बरसात में मुख्य मार्ग से कट जाते थे।
गोपाल गुर्जर ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से किसानों को मंडी तक उपज पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में बड़ी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा करती है और यह विकास कार्य उसी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
भाजपा मंडल रामपुरा ने इस जनहितैषी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद सुधीर गुप्ता एवं विधायक अनिरुद्ध माधव मारु के प्रति आभार व्यक्त किया है।