प्रतापगढ़। राजीव गांधी ब्रिगेड के प्रदेश महामंत्री सलीम खान पठान एवं प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष वजीर मोहम्मद मंसूरी का मंसूरी मेवाड़ा समाज सर्कल-03 प्रतापगढ़ द्वारा गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और जनसेवा के संदेश के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश महामंत्री सलीम खान पठान, पूर्व विधायक रामलाल मीणा तथा पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की अनुशंसा पर गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा वजीर मोहम्मद मंसूरी को प्रतापगढ़ राजीव गांधी ब्रिगेड का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम में मंसूरी मेवाड़ा समाज सर्कल-03 प्रतापगढ़ के सदर हाजी खुर्शीद मोहम्मद, नायब सदर अय्यूब भाई, सेक्रेटरी मोहम्मद शाकीर, शाहरुख मंसूरी, नायब सदर मोहसिन भाई, अब्दुल रशीद भाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि समाज और संगठन को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सलीम खान एवं वजीर मोहम्मद के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में प्रभावी भूमिका निभाएगा।
प्रदेश महामंत्री सलीम खान पठान ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और युवाओं को जनसेवा से जोड़ना है। वहीं जिला अध्यक्ष वजीर मोहम्मद मंसूरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे दी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में समाजजनों ने दोनों अतिथियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, भाईचारे और उत्साह का माहौल बना रहा।