खनियांधाना। नगर के कुंअर जी पैलेस में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खनियांधाना-बामौरकलां के तत्वाधान में एक बेहद महत्वपूर्ण और अति आवश्यक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिला संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी समय में संगठन की मजबूती, पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन और क्षेत्र के किसानों व आमजन की समस्याओं को लेकर रणनीति तैयार करना रहा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, संगठन महासचिव संजय चतुर्वेदी, विधानसभा प्रभारी नितेश यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, समस्त जनपद सदस्य, नगर पंचायत के पार्षद गण, सरपंच, एनएसयूआई छात्र संघ और मंडलम व सेक्टर प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस में इस बार संगठन के सुदृढ़ीकरण को लेकर एक नया और बदलाव भरा ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन का काम लगातार चल रहा है और मंडलों की कार्यकारिणी गठित हो चुकी है। अब अगला लक्ष्य हर पंचायत में 25-25 सदस्यीय श्पंचायत समितिश् का गठन करना है। यह कार्य खनियांधाना ब्लॉक में लगभग पूरा हो चुका है। इसके बाद हर पंचायत स्तर पर नियमित बैठकें होंगी और हर घर को कांग्रेस से जोड़ने का महाअभियान चलाया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम और प्रेस वार्ताएं निरंतर जारी रहेंगी।
बैठक में क्षेत्र के किसानों की समस्याओं पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है जहाँ खाद के लिए ई-टोकन की पेचीदा व्यवस्था लागू कर दी गई है। किसानों को पहले स्लॉट बुक करना पड़ता है, तब जाकर खाद मिलती है। सरकार 5 बीघा के किसान को केवल 1 कट्टा खाद दे रही है, जबकि 5 बीघा की सामान्य खेती में कम से कम 5 कट्टे और धान की खेती में 10 कट्टे खाद की जरूरत होती है। नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम जनता परेशान है और गलत नीतियों की वजह से किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने खाद की किल्लत को दूर नहीं किया और किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया व डीएपी उपलब्ध नहीं कराया, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।