देवास। ग्राम पंचायत संदलपुर में जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल की गई। लगभग 17 एकड़ क्षेत्रफल वाले शासकीय बड़े तालाब की पाल पर “तरु पुत्र यज्ञ” कार्यक्रम के तहत करीब 400 पौधों का रोपण किया गया।
इस अभियान का आयोजन ग्राम पंचायत संदलपुर की सरपंच प्रेम बाई देवड़ा, सचिव इंद्रपाल जानी, पंचगण एवं ग्रामवासियों की सहभागिता से किया गया। ग्रामीणों ने अपने पितरों की स्मृति में स्वेच्छा से लगभग एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाई।
पौधों के संरक्षण के लिए पंचायत द्वारा टपक सिंचाई (ड्रिप इरिगेशन) व्यवस्था विकसित की गई है, जिससे लगाए गए पौधे अब दो वर्षों में विकसित होकर वृक्ष का रूप ले रहे हैं।
पूर्व में तालाब की पाल पर कचरा फेंके जाने से गंदगी रहती थी, लेकिन अब यह स्थान हरियाली और स्वच्छता का सुंदर उदाहरण बन चुका है। आज यह क्षेत्र ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बन गया है।
ग्राम पंचायत ने आगामी वर्षा ऋतु में भी बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की योजना बनाई है, ताकि तालाब क्षेत्र को पूर्णतः हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके। यह पहल अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।