उज्जैन। बाबा श्री महाकालेश्वर की पवित्र धरा से प्रारंभ हुआ “जल गंगा संवर्धन अभियान” केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जल एवं पर्यावरण संरक्षण की एक सशक्त जनचेतना यात्रा बन गया है। लगभग 22 वर्ष पूर्व शिप्रा तट से प्रारंभ हुआ यह प्रयास आज एक वटवृक्ष का रूप ले चुका है, जो अब मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विशेष प्रयासों से व्यापक विस्तार की ओर अग्रसर है।
प्रदेश की प्रमुख नदियों- नर्मदा, ताप्ती, केन, बेतवा सहित अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं उनके आसपास के पर्यावरण संवर्धन के लिए राज्य शासन द्वारा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संस्थाओं के सहयोग से योजनाबद्ध अभियान संचालित किया जा रहा है। उज्जैन से प्रारंभ यह पहल अब पूरे प्रदेश में जल संरक्षण और हरित चेतना के रूप में विस्तार पा रही है।
शिप्रा तीर्थ परिक्रमा एवं गंगा दशमी महोत्सव-
इसी क्रम में उज्जैन में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत शिप्रा तीर्थ परिक्रमा एवं गंगा दशमी महोत्सव का आयोजन 25 एवं 26 मई को किया जाएगा।
इस आयोजन को शिप्रा लोक संस्कृति समिति, महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ (संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन), उज्जैन विकास प्राधिकरण, रामघाट तीर्थ पुरोहित सभा अवंतिकापुरी तथा जिला प्रशासन उज्जैन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में शोध पीठ कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में रवि सोलंकी (अध्यक्ष, उज्जैन विकास प्राधिकरण), संत रामेश्वर दास महाराज (कार्यकारी अध्यक्ष, शिवप्रतीर्थ परिक्रमा), नरेश शर्मा (सचिव, शिप्रा लोक संस्कृति समिति), डॉ. रमन सोलंकी तथा डॉ. दिलीप सोनी (कुलसचिव, महर्षि पाणिनि संस्कृत वैदिक विश्वविद्यालय) ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
द्विदिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा-
इस आयोजन के तहत द्विदिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे। श्रद्धालु शिप्रा तट स्थित पौराणिक तीर्थों के दर्शन एवं पूजन का लाभ प्राप्त करेंगे।
25 मई को प्रातः रामघाट से यात्रा का शुभारंभ सांसद अनिल फिरोजिया (उज्जैन-आलोट), राज्यसभा सांसद बालयोगी संत उमेश नाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा (उज्जैन उत्तर), महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, डॉ. रवि सोलंकी (अध्यक्ष, उज्जैन विकास प्राधिकरण), ओम जैन (अध्यक्ष, मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास बोर्ड) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम-
26 मई को सायं 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा रामघाट पर माँ शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर भक्ति संगीत एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी संत उमेश नाथ जी महाराज, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, डॉ. रवि सोलंकी, ओम जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।