मंदसौर। शहर के चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। एक 54 वर्षीय महिला के दाहिने अंडाशय (ओवरी) से लगभग 5 किलोग्राम वजनी ओवेरियन ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर चिकित्सकों ने उत्कृष्ट चिकित्सकीय कौशल का परिचय दिया है। यह सर्जरी अपनी जटिलता के कारण उच्च श्रेणी की मानी जा रही है।
वरिष्ठ सर्जन डॉ. ईशांत चौरसिया ने किया सफल ऑपरेशन-
इस जटिल सर्जरी का सफल नेतृत्व वरिष्ठ सर्जन डॉ. ईशांत चौरसिया ने किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इतने बड़े ओवेरियन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन जिला स्तर पर होना स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
आयुष्मान भारत योजना से मिला निःशुल्क उपचार-
मरीज का संपूर्ण उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क किया गया। इससे मरीज के परिवार को लाखों रुपये के संभावित आर्थिक भार से राहत मिली।
पहले भी कई जटिल ऑपरेशन कर चुके हैं डॉ. चौरसिया
उल्लेखनीय है कि डॉ. ईशांत चौरसिया इससे पूर्व भी मंदसौर में इसी प्रकार के छह अत्यंत जटिल मामलों का सफलतापूर्वक उपचार कर चुके हैं।
जिला स्तर पर उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी उपलब्धि-
इस प्रकार की एडवांस सर्जिकल सुविधाओं का जिला स्तर पर उपलब्ध होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह सफलता मंदसौर में लगातार बेहतर हो रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण मानी जा रही है।