नीमच। भारत सरकार के “फिट इंडिया मूवमेंट” अभियान के अंतर्गत ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच द्वारा परिसर स्थित मेहता स्टेडियम से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। ग्रुप केंद्र नीमच के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया, जिसके साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस रैली का उद्देश्य अधिकारियों एवं जवानों में शारीरिक फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आमजन को संदेश देना था।
कई इकाइयों के जवानों ने लिया भाग-
इस साइकिल रैली में सीआरपीएफ नीमच के सीटीसी नीमच, ग्रुप केंद्र नीमच, रेंज नीमच, आरटीसी नीमच, संयुक्त अस्पताल नीमच, प्रथम बटालियन तथा 4 सिग्नल बटालियन के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश आमजन तक पहुंचाया तथा नियमित व्यायाम और साइकिल चलाने का संकल्प लिया।
रैली का मार्ग-
रैली का शुभारंभ मेहता स्टेडियम से हुआ, जो मेहता गेट, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गर्ल्स कॉलेज, सीआरपीएफ चौक होते हुए सरदार गेट पर समाप्त हुई।
नोडल अधिकारी की नियुक्ति-
इस आयोजन के लिए शैलेंद्र थोरेचा, उप कमांडेंट ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायी संदेश के साथ किया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन और सहभागिता की सराहना की गई।