नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जल गंगा संवर्धन अभियान तथा नगर परिषद जीरन के गौरव दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को जीरन तालाब के हाथी मंदिर घाट पर स्वच्छता हेतु श्रमदान किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रामकरण सागवारिया, उपाध्यक्ष मुकेश राव तावरे, पार्षदगण, निकाय के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए घाट की साफ-सफाई की। सभी ने तालाब परिसर से जलकुंभी, प्लास्टिक कचरा एवं अन्य गंदगी हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जल संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के गौरव दिवस पर इस प्रकार के आयोजन से नागरिकों में स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी जीरन ने नागरिकों से अपील की कि वे तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरा इधर-उधर न फेंकें।