शुजालपुर। शाजापुर जिले की शुजालपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सालिया में विकास कार्यों की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। गांव के लोगों ने पंचायत में भ्रष्टाचार, महिला सरपंच के नाम पर उनके पति और बेटे द्वारा पंचायत संचालन तथा विकास कार्यों में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत कार्यकाल के चार साल बीत जाने के बाद भी गांव की बस्ती और मस्जिद के सामने के रास्ते कीचड़ से भरे पड़े हैं। बरसात के मौसम की बात छोड़ दें, बिना बारिश के भी रास्तों पर कीचड़ जमा रहता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण क्यूम खां, वहीद खां, भवरलाल, कमलाबाई और सतीश ने आरोप लगाया कि पंचायत में महिला प्रतिनिधित्व केवल नाम मात्र का रह गया है, जबकि पूरा कामकाज सरपंच पति और उनका बेटा संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत खाते में पर्याप्त राशि होने के बावजूद गांव में सीसी रोड और नाली निर्माण नहीं कराया जा रहा।
ग्रामीणों ने स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि स्वच्छता के नाम पर लाखों रुपए खर्च होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन गांव में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, नालियां साफ नहीं हैं और रास्तों की हालत बेहद खराब है। ग्रामीणों ने खर्च हुई राशि की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इसके अलावा रोजगार सहायक सिद्धिक की कार्यप्रणाली पर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि पंचायत कार्यालय अधिकांश समय बंद रहता है और छोटे-छोटे कामों के लिए भी कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। ग्रामीणों के अनुसार रोजगार सहायक योजनाओं की सही जानकारी नहीं देते और कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ग्राम पंचायत सालिया की निष्पक्ष जांच कर सड़क, नाली और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मामले में जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों को भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।