देवास। शहर के विभिन्न वार्डों में विकास की रफ्तार को और तेज करते हुए विधायक गायत्री राजे पंवार ने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर एक भावनात्मक और प्रेरणादायक पहल करते हुए नन्हीं कन्याओं के हाथों से भी भूमिपूजन कराया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
विधायक पंवार ने कहा कि देवास में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे और मां चामुंडा एवं मां तुलजा भवानी के आशीर्वाद से जनसेवा का संकल्प पूरी निष्ठा के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने बेटियों के हाथों पूजन कराए जाने को शुभ बताते हुए कहा कि “बेटियों के स्पर्श से हर कार्य में सार्थकता और पवित्रता आती है, यही भाव भविष्य में शहर की उन्नति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।”
कार्यक्रम के दौरान महापौर गीता अग्रवाल, प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण मौजूद रहे। पूरे आयोजन में विकास के साथ-साथ संस्कार और आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला।