नीमच। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश सहित जिले में गंगा दशमी पर्व पर सोमवार, 25 मई को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नीमच जिले के ग्राम सावन में जिला स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 9 बजे जल चौपाल, तालाब गहरीकरण, कलश यात्रा एवं प्राचीन बावड़ी की स्वच्छता हेतु श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा-
प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
पेयजल संकट निवारण की तैयारियों पर जोर-
मुख्य सचिव ने सभी जिलों में ग्रीष्मकाल के दौरान संभावित पेयजल संकट का आकलन कर समस्या समाधान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा यथासंभव 48 घंटों के भीतर पेयजल समस्या का समाधान कर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
कंट्रोल रूम और सीएम हेल्पलाइन की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश-
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम एवं सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाए तथा उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर संबंधितों को की गई कार्यवाही से अवगत कराया जाए।
जिला स्तरीय अधिकारी रहे उपस्थित-
नीमच के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, परियोजना अधिकारी शहरी विकास पराग जैन सहित सभी सीएमओ, जनपदों के सीईओ, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।