चित्तौड़गढ़। भाजपा जिला कार्यालय ओछड़ी में किसान वृहद बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी, सांसद सी.पी. जोशी, जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित भाजपा पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री कैलाश चौधरी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश का किसान आत्मनिर्भर और समृद्ध बने। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं ऑर्गेनिक खेती अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के हित में अनेक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय तक किसानों को गरीब और कमजोर दर्शाया गया, जिससे युवाओं में खेती के प्रति नकारात्मक सोच विकसित हुई।
कैलाश चौधरी ने कहा कि खेती में नवाचार और वैकल्पिक फसलों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने मशरूम खेती का उदाहरण देते हुए कहा कि कम भूमि में भी किसान बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक उत्पादों की बाजार में अधिक मांग है, लेकिन इसके लिए प्रमाणित ऑर्गेनिक सर्टिफिकेट आवश्यक है। यदि किसान प्रमाणित खेती करें तो व्यापारी स्वयं उनके घर तक खरीदारी के लिए पहुंचेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि रासायनिक खादों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है। प्राकृतिक खेती भविष्य की आवश्यकता है और किसानों को धीरे-धीरे इस दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
कैलाश चौधरी ने केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों का समर्थन करते हुए कहा कि इनसे किसानों को अपनी उपज देशभर में कहीं भी बेचने की स्वतंत्रता मिलती और उनकी आय में वृद्धि होती। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने किसानों को भ्रमित कर इन कानूनों का विरोध कराया।
सांसद सी.पी. जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लंबे समय तक संगठन और किसानों के हित में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि एक समय भारत “सोने की चिड़िया” कहलाता था, लेकिन गलत नीतियों के कारण देश को खाद्यान्न आयात करना पड़ा।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा और ग्रामीण सड़क योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं और कृषि क्षेत्र में सुधार हुआ है।
जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही हैं। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक का संचालन जिला महामंत्री रघु शर्मा ने किया तथा आभार कार्यक्रम संयोजक देवी सिंह राणावत ने व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।