शामगढ़। लोड शिफ्टिंग एवं मेंटेनेंस के नाम पर हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग कार्यालय शामगढ़ एवं धामनिया ग्रिड का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में नाराज कार्यकर्ताओं ने सुवासरा रोड पर चक्काजाम भी किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर सिंह पंवार एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. शौकत मंसूरी ने किया। कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से आमजन, किसान, मरीज और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण यंत्री को मौके पर बुलाकर ज्ञापन सौंपने की मांग की, लेकिन अधिकारी के समय पर नहीं पहुंचने से नाराज कांग्रेसजनों ने सुवासरा रोड पर चक्काजाम कर दिया।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। इसके बाद अधीक्षण यंत्री से फोन पर संपर्क कर उन्हें शामगढ़ बुलाया गया।

करीब 45 मिनट बाद अधिकारी के पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि अघोषित कटौती के कारण जनता परेशान हो रही है।

ज्ञापन में शहरी क्षेत्र में वोल्टेज समस्या के समाधान, वार्ड 13, 14 एवं 15 की विद्युत व्यवस्था सुधारने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो गरोठ स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन एवं घेराव में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
