नीमच। नगर पालिका परिषद की लापरवाही और ठेकेदारी के ढीले रवैये के कारण वार्ड क्रमांक 16 स्थित टाल मोहल्ले के नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्ले में कुछ समय पूर्व नगर पालिका द्वारा पानी की पाइपलाइन डालने का कार्य किया गया था। टेंडर के अनुसार पाइपलाइन डालने के बाद खोदे गए गड्ढों को भरने तथा सीमेंट कंक्रीट (सीसी) खरंजा सड़क को पुनः दुरुस्त किया जाना था, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क को अधूरा छोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो वर्ष पूर्व इस मार्ग पर लाखों रुपये की लागत से सीसी खरंजा सड़क का निर्माण कराया गया था, जिसे पाइपलाइन कार्य के दौरान पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
यह मार्ग शहर की प्रमुख जामा मस्जिद को जोड़ता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नमाजी एवं राहगीर आवागमन करते हैं। गहरे गड्ढों और बिखरी गिट्टी-मिट्टी के कारण बुजुर्गों, बच्चों एवं नमाजियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर पालिका प्रशासन को लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
इस मामले को लेकर पूर्व पार्षद हारून राशिद कुरैशी ने कड़ा रुख अपनाते हुए ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाने और शीघ्र सड़क निर्माण कार्य पुनः शुरू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो मोहल्ला वासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।