चित्तौड़गढ़। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के नेतृत्व में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सहकारिता मंत्री गौतम दक के कथित वायरल ऑडियो मामले, बढ़ती महंगाई तथा भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए।
पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दालें और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि “बहुत हुई महंगाई की मार, वापस लाओ कांग्रेस सरकार” आज जनता की आवाज बन चुकी है।
जाड़ावत ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है, जबकि आमजन की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई ने मिलकर लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
इस दौरान जाड़ावत ने सहकारिता मंत्री गौतम दक के कथित वायरल ऑडियो को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। पुलिसकर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करते हैं, ऐसे में सार्वजनिक रूप से उनका अपमान करना निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में स्पष्ट रुख अपनाने, मंत्री से सार्वजनिक माफी मंगवाने तथा उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की कि केंद्र सरकार को महंगाई पर नियंत्रण करने, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दाम कम करने और आमजन को राहत देने के निर्देश दिए जाएं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आमजन के हित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।