रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बुधौलिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण संबंधी आंकड़े स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग संयुक्त रूप से प्रस्तुत करें तथा मैदानी स्तर पर समन्वय के साथ सेवाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की पहली स्वास्थ्य जांच गर्भधारण के 12 सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
मातृ मृत्यु के मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला की प्रसव संभावित तिथि के आधार पर निकटतम प्रसव केंद्र से मैपिंग की जाए, ताकि समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कलेक्टर ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं की जानकारी अनमोल पोर्टल पर दर्ज करने, गंभीर एनीमिया से ग्रसित महिलाओं के प्रभावी प्रबंधन तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सेक्टर मेडिकल अधिकारियों को मैदानी कार्यकर्ताओं के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कर टीबी मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।