रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले के सभी नगर पालिका एवं नगर परिषद क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शाम 6 बजे से वार्डवार संध्याकालीन शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की जल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
शिविरों के दौरान जल संबंधी कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। पेयजल प्रदाय से संबंधित 4 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 1 का तत्काल समाधान किया गया।
सफाई व्यवस्था से जुड़ी 4 शिकायतों में से 2 का निराकरण किया गया, जबकि स्ट्रीट लाइट संबंधी 3 शिकायतों में से 2 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।
इस दौरान परियोजना अधिकारी डूडा (डीयूडीए) अरुण पाठक ने नगर पालिका जावरा पहुंचकर शिविर का औचक निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं बेहतर शहरी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।