नीमच। वस्त्र व्यवसाय कल्याण संघ समिति, नीमच द्वारा संचालित “एक रविवार परिवार के नाम” अभियान के अंतर्गत आगामी 31 मई 2026, रविवार को शहर का संपूर्ण कपड़ा बाजार पूर्णतः बंद रहेगा। यह निर्णय व्यापारियों को अपने परिवार के साथ समय बिताने का अवसर प्रदान करने तथा पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र तोलानी, सचिव वैभव पारीक एवं कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा ने सभी कपड़ा व्यापारियों से संगठन के निर्णय का सम्मान करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है। पदाधिकारियों ने बताया कि प्रति माह के अंतिम रविवार को कपड़ा बाजार बंद रखने की परंपरा के तहत यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है, जिसे व्यापारियों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है।
संस्था ने ग्राहकों से भी अनुरोध किया है कि वे अपनी आवश्यकतानुसार कपड़ों की खरीदारी रविवार अवकाश के पूर्व अथवा बाद में करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समिति का कहना है कि यह अभियान व्यापारी समाज में पारिवारिक समर्पण, सामाजिक एकता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बन चुका है।
संस्था के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि इस बार भी सभी व्यापारी अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे और 31 मई को नीमच का कपड़ा बाजार पूर्णतः बंद रखकर परिवार एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।