नीमच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया तथा एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में रतनगढ़ थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 96/2026, धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश कुमार पिता अमृतलाल धाकड़ (40) निवासी ग्राम हमेरगंज, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को आरोपी शांतिलाल पिता छोटूलाल भील (21) निवासी ग्राम गुजरों की मोरवन, थाना जावदा (राजस्थान) के कब्जे से 3 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान अवैध मादक पदार्थ की आपूर्ति और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी मिली।
जांच में सामने आया कि आरोपी सुरेश कुमार तस्करी में सहयोग करने के साथ पुलिस गतिविधियों पर नजर रखने और मुख्य आरोपी को सहायता पहुंचाने का कार्य कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूरालाल भाभर, रतनगढ़ पुलिस टीम तथा साइबर सेल नीमच के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।