उज्जैन। खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देश पर गठित संभागीय उड़नदस्ता दल ने शुक्रवार को उज्जैन शहर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
निरीक्षण के दौरान श्री महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित होटल हरसिद्धि रेस्टोरेंट से दही, पनीर, लस्सी एवं जलेबी के नमूने लिए गए। वहीं पर्याप्त साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और व्यक्तिगत स्वच्छता में कमियां पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
इसके बाद सुरेश उपहार गृह एवं रेस्टोरेंट से दही, घी, लस्सी एवं सब्जी ग्रेवी के नमूने लिए गए। यहां भी निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किया गया।
संभागीय टीम ने गुदरी चौराहा स्थित सतयुग रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर गुलाब जामुन, बेसन मगज लड्डू, बूंदी लड्डू, मावा बर्फी एवं पिस्ता कसाटा मिठाई के नमूने भी संग्रहित किए।
संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बी.एस. जामोद, सुरेन्द्र ठाकुर, बसंतदत्त शर्मा, बी.एस. देवलिया तथा नमूना सहायक प्रदीप लकड़े शामिल रहे।