चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 204 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक बलेनो कार भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के अवैध भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन में सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
शनिवार को थानाधिकारी संजय शर्मा के निर्देशन में एसआई अमृतलाल मीणा एवं पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र की वंडर पुलिया के पास हाईवे पर नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान नीमच की ओर से आ रही एक बलेनो कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार से 204 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने कार में सवार तीन आरोपियों समीर खान (28), मोहसीन पठान (26) और रिफाकत खान (26) निवासी मेहसाणा, गुजरात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मादक पदार्थ एवं वाहन को जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस अब तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है। मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में एसआई अमृतलाल मीणा, एएसआई सुंदरपाल, प्रहलाद सिंह, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह तथा कांस्टेबल दयाराम, ओपीलाराम, शिवकुमार, गेनाराम और आशीष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन 94604-25643 पर दें।