शाजापुर। कलेक्टर ऋजु बाफना की अध्यक्षता में कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) की आगामी बैठक के मद्देनज़र आज कृषि एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर बाफना ने रबी वर्ष 2025-26 के दौरान विभागों द्वारा किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही उन्होंने आगामी खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खरीफ 2026 के लिए उर्वरक एवं बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति किसानों को जागरूक किया जाए। उन्होंने फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के अधिकाधिक उपयोग पर भी जोर दिया।
उन्होंने कृषि विभाग को खरीफ फसलों की बुवाई के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सोयाबीन की नवीन उन्नत किस्मों को प्रचलित पारंपरिक किस्मों के स्थान पर अपनाने तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने संबंधी गतिविधियों को बढ़ाने के लिए कहा।
कलेक्टर ने सहकारिता विभाग को समितियों के माध्यम से किसानों को कृषि आदान सामग्री का सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन विभाग को पशु स्वास्थ्य, कृत्रिम गर्भाधान एवं टीकाकरण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा दुग्ध उत्पादन एवं गुणवत्ता सुधार हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा गया।
मत्स्य पालन विभाग को मत्स्य संवर्धन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कृषक हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। कलेक्टर बाफना ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कृषि विभाग, आत्मा परियोजना, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग, दुग्ध उत्पादन विभाग, मंडी बोर्ड सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।