चित्तौड़गढ़। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ गंगरार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और अवैध पिस्टल तथा दो मैगजीन बरामद की हैं। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल तीन अवैध पिस्टल एवं पांच मैगजीन जब्त की जा चुकी हैं।
26 मई को हुई थी पहली कार्रवाई-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन, डीएसपी शिवप्रकाश टेलर के पर्यवेक्षण तथा थानाधिकारी श्यामा राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 26 मई को मुखबिर की सूचना पर भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित द राइट चॉइस होटल के सामने कार्रवाई की थी।
चार आरोपी गिरफ्तार-
कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार खरीदने आए बबलू सिकलीगर तथा हथियार बेचने वाले दीपक उर्फ दीपू नायक, निखिल भोई और जितेंद्र माली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बबलू सिकलीगर के कब्जे से एक पिस्टल व एक मैगजीन तथा दीपक और निखिल के कब्जे से एक-एक मैगजीन बरामद की थी।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा-
पुलिस रिमांड के दौरान हुई गहन पूछताछ में आरोपी निखिल भोई ने खुलासा किया कि पूर्व में भी बबलू सिकलीगर को दो अवैध पिस्टल उपलब्ध कराई गई थीं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जा चुके आरोपी बबलू सिकलीगर को पुनः प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की।
निशानदेही पर बरामद हुए हथियार-
आरोपी की निशानदेही पर उसके मकान से दो और अवैध पिस्टल बरामद की गईं। इसके साथ ही मामले में कुल तीन पिस्टल और पांच मैगजीन जब्त की जा चुकी हैं।
हथियार सप्लायर की तलाश जारी-
पुलिस के अनुसार आरोपियों को अवैध पिस्टल सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य खुलासे होने की संभावना है।
इन अधिकारियों की रही प्रमुख भूमिका-
कार्रवाई एवं अनुसंधान में थानाधिकारी श्यामा राम, एएसआई शैतान सिंह, शिवलाल, फुलचंद, कांस्टेबल नंदराम, प्रदीप कुमार, बलवीर सिंह, कृष्ण कुमार एवं कुंजीलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।