भोपाल। मध्यप्रदेश की बेटियों ने एक बार फिर वैश्विक पटल पर राज्य का नाम रोशन किया है। रायसेन जिले के एक छोटे से गांव की बेटी ने अपने दृढ़ संकल्प और अदम्य साहस की बदौलत दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया है।
पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल
सेमरी गांव की रहने वाली पर्वतारोही अंजना यादव ने विश्व की सर्वाेच्च पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करने का गौरव हासिल किया है। बेहद सीमित संसाधनों और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद अंजना ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से इस बेहद कठिन मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया। उनकी इस ऐतिहासिक कामयाबी से पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल है।
सभी बेटियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक
अंजना यादव की इस अद्वितीय उपलब्धि पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं साझा करते हुए कहा-“मध्यप्रदेश की बेटी अंजना यादव ने विश्व की सर्वाेच्च चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर हम सभी को गौरवान्वित किया है। उनका यह साहस, संकल्प और समर्पण देश और प्रदेश की सभी बेटियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। बिटिया को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।”
बेटियों के लिए बनीं मिसाल
अंजना यादव की यह सफलता इस बात का प्रतीक है कि यदि हौसले बुलंद हों, तो कोई भी रुकावट आपको आपकी मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकती। एवरेस्ट जैसी खतरनाक और बर्फीली चोटी पर फतह हासिल कर अंजना ने न केवल अपने परिवार और रायसेन जिले का, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।