नीमच। शहर के उपनगर क्षेत्र स्थित सिटी थाना अंतर्गत बरखेड़ा रोड पर एक ट्रांसपोर्ट संचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेघराज गुर्जर (30) पुत्र श्योपाल गुर्जर, मूल निवासी जयपुर, वर्तमान में बरखेड़ा रोड स्थित देव रेस्टोरेंट में रहकर सामने संचालित पिंक सिटी लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट का संचालन करते थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि जांच प्रभावित न हो, इसलिए उसके विवरण को फिलहाल गोपनीय रखा गया है।
पुलिस का मानना है कि सुसाइड नोट से आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी जिला चिकित्सालय पहुंचे। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।