नीमच। बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दारू की नई आबादी में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दारू निवासी गोविंद भील (24) पिता दुर्गाशंकर भील ने शनिवार शाम अज्ञात कारणों के चलते अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को जिला चिकित्सालय नीमच भिजवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है तथा युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।