छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी युवती का अस्पताल में उपचार जारी है, जहां उसने अपने बयान में पुलिस प्रशासन और कुछ स्थानीय लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
युवती का आरोप है कि वर्ष 2025 में उसके पिता के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। उसने दावा किया कि इस मामले में लंबे समय से न्याय की मांग की जा रही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान थी।
पीड़िता ने अपने बयान में स्थानीय पार्षद गोविंद तिवारी सहित कुछ अन्य लोगों के नाम लेते हुए आरोप लगाए हैं। साथ ही उसने पुलिस पर भी मामले में उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि कई बार शिकायत और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।