नीमच। एक ओर शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर वार्ड क्रमांक 25 में नगर पालिका की लापरवाही के चलते हजारों लीटर पेयजल सड़कों पर बहकर व्यर्थ हो रहा है। मामला होंडा शोरूम के समीप लायंस पार्क के सामने स्थित बंगला नंबर 38 की गली का है, जहां पाइपलाइन लीकेज के कारण पूरी गली जलमग्न हो गई।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार पाइपलाइन से पानी बहने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पूर्व भी इसी स्थान पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बड़ी मात्रा में पेयजल बर्बाद हुआ था। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते एक बार फिर वही स्थिति निर्मित हो गई।
गली बनी तालाब, लोगों को हो रही परेशानी-
लगातार बह रहे पानी से न केवल पेयजल की बर्बादी हो रही है, बल्कि राहगीरों और क्षेत्रवासियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गली में जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और आसपास के रहवासियों को असुविधा उठानी पड़ रही है।
नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल-
रहवासियों का कहना है कि नगर पालिका को समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत एवं तकनीकी जांच करानी चाहिए थी, लेकिन लापरवाही के कारण समस्या बार-बार सामने आ रही है। लोगों ने इसे जल संरक्षण के प्रति प्रशासन की उदासीनता बताया है।
शिकायत के बाद शुरू हुआ मरम्मत कार्य-
क्षेत्रवासियों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद नगर पालिका अमला मौके पर पहुंचा और पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। हालांकि नागरिकों का कहना है कि केवल अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
जल संरक्षण के दावों की खुली पोल-
शहर में जल संरक्षण और पानी बचाने को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन वार्ड 25 का यह दृश्य इन दावों की वास्तविकता को उजागर करता नजर आ रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से जल अपव्यय रोकने के लिए प्रभावी और दीर्घकालिक कदम उठाने की मांग की है।