नीमच। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा 3 जून 2026 से निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड स्थित आरसेटी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित होगा।
प्रशिक्षण 31 दिवसीय पूर्णतः आवासीय रहेगा, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवास, भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
संस्थान के अनुसार प्रशिक्षण में केवल नीमच जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की युवतियां एवं महिलाएं ही भाग ले सकेंगी। प्रवेश ष्पहले आओ-पहले पाओष् के आधार पर दिया जाएगा। पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
प्रशिक्षण में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को चार पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड एवं शैक्षणिक अंकसूची की तीन-तीन छायाप्रतियां आवेदन के साथ जमा करनी होंगी।
आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज आरसेटी कार्यालय, हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच में जमा किए जा सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मोबाइल नंबर 9111053516 पर संपर्क कर सकते हैं।
संस्थान ने जिले की अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं से इस स्वरोजगारमूलक प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।