मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 20 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं सीएसपी जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नई आबादी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को 31 मई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर विशेष टीम का गठन कर रणनीतिक रूप से घेराबंदी की गई। संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 20 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। मामले में थाना नई आबादी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह सामग्री हुई जब्त-
पुलिस ने आरोपियों से 20 किलोग्राम ब्राउन शुगर, एक सुजुकी एस-क्रॉस कार, एक हुंडई क्रेटा कार तथा सात मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत 33 लाख रुपये तथा मोबाइल फोन की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, एक फरार-
पुलिस ने इंदौर एवं राजस्थान के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे।
नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की जांच जारी-
पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी एवं साइबर विश्लेषण किया जा रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लायर नेटवर्क तथा वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, उप निरीक्षक विनय बुंदेला, प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी, आरक्षक मनीष बघेल, आरक्षक मुज्जफरउद्दीन तथा नई आबादी थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।