नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ा में रविवार को एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही दो आरोपियों ने घर में सो रहे परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में महिलाएं, बच्चे और एक कैंसर पीड़ित महिला भी घायल हो गईं। आरोपियों ने मारपीट के बाद महिलाओं के गले से सोने की चेन और कानों के झुमके छीन लिए तथा मौके से फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़ित ईश्वर सिंह राठौर ने बताया कि रविवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ घर में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के नारायण सिंह पिता लाल सिंह एवं लोकेंद्र सिंह पिता नारायण सिंह उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर घर की महिलाएं बाहर निकलीं तो आरोपियों ने जबरन गेट खोलकर घर में प्रवेश कर लिया।

आरोपियों ने घर में घुसते ही महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे ईश्वर सिंह राठौर और उनके पुत्र पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस दौरान परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। आरोपियों ने एक कैंसर पीड़ित महिला के साथ भी बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ीं।

घटना के दौरान परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी महिलाओं के कानों से सोने के झुमके और गले से चेन छीनकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित परिवार नीमच सिटी थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी किरण चौहान स्वयं सिटी थाने पहुंचीं और तत्काल विशेष पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं तथा पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, लूटपाट और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
