नीमच। शहर के व्यस्ततम पुस्तक बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े स्कूटी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी लेकर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीमच निवासी अमन मित्तल रविवार को पुस्तक बाजार स्थित अपनी दुकान संतोष टेंट हाउस पर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक एमपी-44-एमएल-7969 को बजाज बिल्डिंग के सामने लॉक कर खड़ा किया था। कुछ समय बाद जब वे दुकान से बाहर आए तो स्कूटी मौके से गायब मिली।

स्कूटी नहीं मिलने पर उन्होंने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की और काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक स्कूटी चुराकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। पीड़ित अमन मित्तल ने मामले की शिकायत कैंट थाना पुलिस को देते हुए स्कूटी बरामद करने और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
