नीमच। शहर के माधवगंज क्षेत्र में सोमवार रात हुए एक सड़क हादसे में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार माधवगंज निवासी मोहम्मद अतीक पिता मोहम्मद शफी कुरैशी (56) अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान रात करीब 10रू30 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
मंगलवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्घटना के बाद फरार हुए बुलेट चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना से परिजनों और क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल है।