देवास। एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में एक युवक पर हमला कर दिया गया। मामला मोमिनटोला क्षेत्र के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, युवक सीटी स्कैन कराने अस्पताल पहुंचा था, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा के अनुसार, सुबह मोहल्ले में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने अस्पताल में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई।
कोतवाली थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।