चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत थाना पारसोली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मादक पदार्थ तस्कर की करीब 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी है। भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद आरोपी की भूमि, आवासीय भवन एवं दो वाहनों को फ्रीज किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह हिंगड़ एवं डीएसपी अंजली सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि कमलेश पिता भैरूलाल गुर्जर (29 वर्ष), निवासी लुहारिया, थाना पारसोली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना नगाणा (जिला बाड़मेर) एवं थाना पारसोली में प्रकरण दर्ज हैं। जांच के दौरान आरोपी द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की पहचान की गई।
पुलिस ने ग्राम ईटावा स्थित कृषि भूमि, ग्राम लुहारिया में आवासीय मकान तथा आरोपी के नाम दर्ज स्कॉर्पियो-एन एवं रेनॉल्ट क्विड वाहन को फ्रीज करने का प्रस्ताव भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी (SAFEM/FOPA NDPS Act, New Delhi) को भेजा था। सुनवाई के बाद प्राधिकारी द्वारा संपत्तियों को स्थायी रूप से फ्रीज करने की मंजूरी प्रदान की गई। कार्रवाई के तहत आरोपी की भूमि, मकान और दोनों वाहनों को विधिवत फ्रीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल बाजार मूल्य लगभग 50 लाख रुपये है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थानाधिकारी ठाकराराम, एएसआई देवीलाल, गोविंद सिंह, कांस्टेबल प्रकाश, गिरधारीलाल, राजेन्द्र, दिनेश एवं महिला कांस्टेबल ललिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन 94604-25643 पर दें।