निंबाहेड़ा। कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने राह चलती महिला से मोबाइल छीनकर फरार होने की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 17 मई 2026 को फरियादिया निकिता जाजोरिया, जो अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय क्रमांक-2 में एलडीसी के पद पर कार्यरत हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार वह शाम करीब 7.15 बजे अपनी सहेली के साथ बाजार की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान उदयपुर रोड स्थित नेहरू गार्डन के पीछे आदर्श कॉलोनी मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और उनके हाथ में रखा रियलमी 12 (5जी) मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना में उन्हें हाथ की कोहनी पर चोट भी आई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बद्रीलाल राव के निर्देशन में थाना प्रभारी रामसुमेर मीणा ने एएसआई देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तथा संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी हर्षित माली (21 वर्ष) निवासी शिव कॉलोनी, ढाबेश्वर रोड, निंबाहेड़ा तथा देवेंद्र उर्फ सन्नी जाट (21 वर्ष) निवासी आजाद चौक, निंबाहेड़ा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन एवं वारदात में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी एवं लूट की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।