मंदसौर। कोतवाली थाना पुलिस ने नाकोडा कॉम्प्लेक्स में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गए मोबाइल, मोबाइल एसेसरीज और अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपी वारदात के बाद राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले स्थित सांवरिया सेठ मंदिर के पास एक लॉज में छिपा हुआ था।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार फरियादी पुनीत गुप्ता निवासी मयूर कॉलोनी ने 8 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नेहरू बस स्टैंड स्थित नाकोडा कॉम्प्लेक्स में उसकी मोबाइल रिपेयरिंग एवं एसेसरीज की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश मोबाइल, नकदी, स्मार्ट वॉच, ईयरबड्स और अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसी दौरान कॉम्प्लेक्स की अन्य दुकानों के भी ताले तोड़े गए थे।
मामले में अपराध क्रमांक 368/2026 धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा आरोपी के आने-जाने के रूट को ट्रेस किया। मुखबिर और तकनीकी सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन राजस्थान में मिलने पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी सुनील पिता नरेंद्र शर्मा (19) निवासी ग्राम कुचड़ौद, थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर है। आरोपी के कब्जे से 5 एंड्रॉइड मोबाइल, 1 कीपैड मोबाइल, एक स्मार्ट वॉच और एक बैग बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 83 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी किशोर अवस्था में चोरी की वारदातों में शामिल रह चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सराहनीय भूमिकारू कार्रवाई में निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह कनेश सहित कोतवाली थाना, साइबर सेल एवं सीसीटीवी कंट्रोल रूम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।