गरोठ। गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान इंदिरा बाई के रूप में हुई है, जिसका शव बुधवार रात घर के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद गुरुवार को अस्पताल परिसर में मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई, जिसके चलते मौके पर पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मृतका के भाई पप्पू राठौर ने बहन की मौत को हत्या बताते हुए आरोप लगाया कि इंदिरा को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि पति ईश्वर गरासिया द्वारा मारपीट किए जाने के कारण उसकी मौत हुई है। वहीं मृतका के ससुर प्रेम सिंह गरासिया ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इंदिरा ने रात करीब 12 से 1 बजे के बीच आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल मायके पक्ष को भी दे दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही गरोठ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
उन्होंने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मायके और ससुराल पक्ष के बयानों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।